Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 27 सितम्बर। कस्बे के बाईपास इलाके में रिटायर फौजी और उनकी पहली पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों की खून से लथपथ लाशें औंधे मुंह घर में मिलीं। गले और सिर पर चाकू के वार के निशान थे। वारदात का पता रविवार सुबह उस वक्त चला, जब दूसरी पत्नी जगाने पहुंची। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उसने पड़ोसियों को बुलाया। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो शमसुद्दीन और समीना लाशें मिलीं। शव एक-दूसरे से एक मीटर की दूरी पर पड़े थे। शमसुद्दीन ने पहली पत्नी को बच्चा न होने पर दूसरी शादी सीमा से की थी। इसके बाद से समीना दो सौ मीटर दूर घर बनाकर रहती हैं। ताज बॉडी निवासी शमसुद्दीन ने 20 साल पहले सेना से रिटायरमेंट लिया था। उन्होंने 1984 में समीना बेगम से शादी की, लेकिन कोई बच्चा नहीं हुआ। इसके चलते 15 साल पहले शमसुद्दीन ने सीमा से दूसरी शादी की थी। सीमा और शमसुद्दीन के 3 बच्चे हुए। हालांकि, शादी के बाद से पहली पत्नी समीना ने शमसुद्दीन के घर से कुछ दूर मकान बनवाया और अलग रहने लगीं। शमसुद्दीन अक्सर समीना के घर जाया करते थे। कभी-कभी वहीं सो जाते थे। शनिवार रात शमसुद्दीन समीना के घर पर थे। रविवार सुबह 8 बजे तक घर में कोई हलचल नहीं हुई। सीमा ने बताया कि वह बच्चों को लेकर घर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर बुलाने के बाद जवाब नहीं मिला तो आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर गए तो होश उड़ गए। अंदर दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट टीम ने सबूत इकट्ठा किए हैं। मामले की जांच जारी है। शमसुद्दीन के भांजे कप्तान खान ने बताया कि उनके मामू-मामी घर में अकेले थे। घर से जेवर भी लूटे गए हैं। मेरा दरवाजे बनाने का काम है। मेरी दुकान मामा के घर के बाहर ही किराए पर है। वह रोज सुबह अपने मामा से घर के बाहर मिलते थे, लेकिन आज वह घर से बाहर नहीं निकले। वहीं, शमसुद्दीन के बड़े भाई शेर मोहम्मद ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पति-पत्नी की हत्या से हम लोग हैरान हैं। मेरी मांग है कि पुलिस इस घटना का जल्द से जल्द खुलासा करे और आरोपियों को गिरफ्तार करे। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली कि बुजुर्ग पति- पत्नी अपने घर में मृत पाए गए हैं। सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया। शुरुआती जांच में दोनों की हथियार से हत्या की बात सामने आई है। घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page