Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 08 अक्टूबर। थाना क्षेत्र के गांव घूंचा में खेत की जुताई करते समय महीपाल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी जंगजीत सिंह पुत्र हरि सिंह निवासी नगला मोहनलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी मृतक का भाई बताया गया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई थीं। पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर की सुबह करीब चार बजे नगला मोहनलाल निवासी महीपाल सिंह अपने छोटे बेटे रमन के साथ खेत पर ट्रैक्टर से जुताई करने गए थे। रमन खेत के कोने बना रहा था, जबकि महीपाल ट्रैक्टर से खेत जोत रहे थे। इसी दौरान उनके भाई जंगजीत सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उनके हाथों में लाठी-डंडे, सरिया और फावड़ा था।
आरोप है कि जंगजीत और उसके साथ आए लोगों ने महीपाल सिंह पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे और सरिया से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद उनके ऊपर ट्रैक्टर का कल्टीवेटर डाल दिया गया। घटना के दौरान रमन ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी मौके से भाग गए। जाते समय जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महीपाल को उपचार के लिए भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में मृतक के बेटे वीरपाल की तहरीर पर सादाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमों का गठन किया था। गुरुवार को पुलिस टीम ने आरोपी जंगजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page