सादाबाद 20 नवंबर। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने और ईवीएम को लेकर जागरूकता बढ़ाने की पहल शुरू की है। इसके तहत शुक्रवार 20 नवंबर से प्रदेश के सभी जिलों में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदाता खुद ईवीएम और वीवीपैट मशीन का संचालन कर मतदान प्रक्रिया को समझ सकेंगे।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक संचालित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य ईवीएम को लेकर मतदाताओं के मन में मौजूद शंकाओं और भ्रम को दूर करना तथा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ विश्वास बढ़ाना है। प्रदर्शन केंद्रों पर पहुंचने वाले नागरिकों को ईवीएम में वोट दर्ज करने, मशीन के संचालन और वीवीपैट के माध्यम से अपने मतदान की पुष्टि करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। मतदाता स्वयं मशीन पर बटन दबाकर मतदान का अभ्यास भी कर सकेंगे। वीवीपैट में दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से उन्हें यह जानकारी दी जाएगी कि उनका वोट किस प्रत्याशी के पक्ष में दर्ज हुआ है। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अलावा सादाबाद सहित जिले के सभी तहसील मुख्यालयों और रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालयों पर भी ईवीएम वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर आम नागरिक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पहुंचकर मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी ले सकते हैं। निर्वाचन आयोग की इस पहल से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया समझने और चुनाव में अधिक जागरूकता के साथ भागीदारी करने का अवसर मिलेगा।







