सादाबाद 20 नवंबर। हाथरस रोड स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली छात्रा की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे परिवार में शोक व्याप्त हो गया है।
करीब दो सप्ताह तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद छात्रा ने अंतिम सांस ली। होनहार बेटी की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव मढ़नई निवासी कृष्णगोपाल दीक्षित की बेटी साक्षी दीक्षित बीती 7 नवंबर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद प्रतिदिन की तरह मारुति वैन से अपने घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने से पहले रास्ते में अचानक चलती वैन की खिड़की खुल गई, जिससे साक्षी असंतुलित होकर नीचे सड़क पर गिर पड़ी। सड़क पर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घबराए परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और गुरुवार रात उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।







