Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 13 अक्टूबर। अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के सुभाष गली स्थित श्री महाराजा अग्रसेन गर्ल्स इंटर कॉलेज में महिला सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मेधावी छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। पांच घंटे तक चले कार्यक्रम में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक, अग्रवाल सभा के पदाधिकारी एवं समाज के महिला-पुरुष मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल, राधारमन अग्रवाल, बालकिशन गोयल एवं राजकुमार बंसल ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं ने गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना से की। इसके बाद रंगारंग प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। छात्राओं ने राधा-कृष्ण की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से ब्रज संस्कृति की झलक दिखाई। वहीं पंजाबी नृत्य की धमाकेदार प्रस्तुति ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। ओडिसी सहित विभिन्न राज्यों की लोकनृत्य शैलियों पर छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रस्तुति पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कवि सम्मेलन रहा। इसमें हास्य रस से भरपूर कविताओं ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। छात्राओं की अभिनय क्षमता, संवाद अदायगी और आत्मविश्वास की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। समारोह के समापन पर कॉलेज प्रबंधन समिति ने गत शैक्षणिक सत्र में कक्षा छह से बारहवीं तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष बालकिशन गोयल, युगल किशोर अग्रवाल, अनुपम जिंदल, विपिन अग्रवाल, राजकुमार बंसल, राजेंद्र अग्रवाल, देवकीनंदन अग्रवाल, राधारमन अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page