
सादाबाद 04 सितम्बर। आगरा अलीगढ़ राजमार्ग पर नगला झुन्ना पुलिया के पास सड़क में बने गहरे गड्ढे को ठीक कर दिया गया है। हादसे के बाद बृजभूमि एक्सप्रेसवे के अधिकारियों ने इस पर ध्यान दिया और मरम्मत करवाई। सड़क ठीक होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को राहत मिली है। नगला झुन्ना पुलिया के पास सड़क लंबे समय से खराब थी। यहां एक गहरा गड्डा था और सड़क का एक हिस्सा ऊंचा-नीचा था। आगरा से सादाबाद आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को अचानक गड्डा दिखने पर बाइक संभालना मुश्किल होता था। इस वजह से कई बार वाहन असंतुलित होकर गिरे और लोग घायल हुए। सड़क की खराब हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुधवार रात इसी रास्ते पर एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हादसे का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इस हादसे के बाद ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ गया था। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत की मांग की थी। बृजभूमि एक्सप्रेसवे के अधिकारियों ने मौके पर जाकर सड़क की स्थिति देखी। इसके बाद गुरुवार को गड्ढे वाले हिस्से की सड़क खुदवाकर उसे ठीक करवाया गया। सड़क की मरम्मत होने के बाद नगला झुन्ना के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।








