
सादाबाद 15 सितम्बर। क्षेत्र के गांव नगला फत्ता के गार्ड ने दो युवकों पर मारपीट करने, 10 कारतूस और पांच हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। गार्ड का आरोप है कि युवकों ने तमंचा और लाइसेंसी राइफल के बल पर उसे पीटा और जान से मारने की धमकी दी। नगला फत्ता निवासी विनोद कुमार पुत्र गया प्रसाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 सितंबर की शाम करीब पांच बजे वह गांव से आगरा गार्ड ड्यूटी के लिए जा रहा था। रास्ते में सराय बंबा के पुल के पास उसे पास के गांव के दो युवक खड़े दिखे। विनोद का आरोप है कि इनमें से एक के हाथ में लाइसेंसी राइफल थी और दूसरे के हाथ में तमंचा था। तमंचा लिए युवक ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया, जबकि राइफल वाले युवक ने राइफल की बट से उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसे चोटें लगीं। आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों ने उसके पास रखे 10 कारतूस और पांच हजार रुपये भी छीन लिए। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि थाने में शिकायत की तो उसे जान से मार देंगे। पीड़ित ने घटना के तुरंत बाद डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंचती, इससे पहले ही दोनों आरोपी वहां से भाग गए। विनोद ने बताया कि उसे ड्यूटी पर जाना था, इसलिए वह आगरा चला गया। ड्यूटी से लौटने के बाद उसने सादाबाद कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायत पत्र दिया और कार्रवाई की मांग की। वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी विजय सिंह से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस की ओर से शिकायत की जांच किए जाने के बाद ही घटना का स्पष्ट पता चल पाएगा।










