
सादाबाद 15 सितम्बर। मंगलवार को आगरा रोड पर बड़ा हादसा होते-होते बचा। भारत पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक बेकाबू कार जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे चला गया। अच्छी बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को एक कार आगरा से सादाबाद की ओर आ रही थी। भारत पेट्रोल पंप के सामने चंबल से भरा एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान कार के सामने एक वाहन ओवरटेक कर रहा था। उसे बचाने की कोशिश में कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। चश्मदीदों ने बताया कि कार सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं और वे सभी सुरक्षित थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद कर कार को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। कार को नुकसान होने के बाद भी उसमें सवार लोगों के सुरक्षित रहने पर मौके पर मौजूद लोगों को राहत मिली। कार को ट्रक से बाहर निकालने के बाद सवार लोग अपनी मंजिल की ओर चले गए। हादसे के कारण कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर सड़क किनारे भारी वाहन खड़े होने से अक्सर हादसे का डर रहता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े होने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।










