सादाबाद 24 जून । कस्बे के एक व्यक्ति ने अपनी 21 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और नकदी व जेवरात चोरी करने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला व्यापारियान निवासी व्यक्ति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 13 जून की रात उसकी बेटी ने कथित तौर पर रिजवान, आजाद और सोहेल के कहने पर परिवार के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। आरोप है कि इसके बाद घर में रखे करीब दो लाख रुपये नकद और लगभग तीन तोले सोने के जेवरात लेकर युवती को अपने साथ ले जाया गया। तहरीर के अनुसार, 14 जून की सुबह करीब चार बजे आरोपी युवती को अपने साथ ले गए। पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपियों ने उसकी बेटी को कोई नशीला पदार्थ दिया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों से पहले भी उनका विवाद हो चुका था और उन्होंने परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे डर है कि आरोपी उसकी बेटी के साथ कोई अनहोनी घटना कर सकते हैं। उन्होंने बेटी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिजवान, आजाद और सोहेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कस्बा इंचार्ज अंकित चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और युवती की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।























