Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 मई। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के अवशेष कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया। डीएम ने वाहन चालकों की आंखों की जांच कराने, अभियान चलाकर डग्गामार वाहनों पर नियंत्रण करने, अपंजीकृत वाहनों एवं अवैध वाहन स्टैंडों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों से अतिक्रमण हटाने, सड़क मार्किंग कराने और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं एनएचएआई अधिकारियों को सड़क सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक स्थलों पर हाईमास्ट लाइट, बैरियर, सड़क चौड़ीकरण, साइनेज, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा हाई रिफ्लेक्टिव पेंट का कार्य गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने एआरएम रोडवेज को निर्देशित किया कि रोडवेज बसों को बस स्टैंड पर ही खड़ा कराया जाए तथा यात्रियों को निर्धारित स्थानों पर ही चढ़ाया और उतारा जाए। वहीं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को स्कूली वाहनों, डग्गामार वाहनों एवं ओवरलोड वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर कार्रवाई करने को कहा गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टिव टेप अथवा पेंट लगाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों एवं एनएचएआई को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page