
हाथरस 03 सितम्बर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राजेन्द्र लोहिया विद्या मन्दिर में आज विशेष प्रार्थना सभा के दौरान भव्य एवं मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों एवं उनकी लीलाओं को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कपिल लोहिया प्रबंधक, मधु लोहिया कोषाध्यक्षा, कपिल भाटिया प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात एक विद्यार्थी ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेश पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर सभी को उनके आदर्शों और कर्मयोग की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों द्वारा श्रीकृष्ण, भामा एवं रुक्मिणी के जीवन-प्रसंगों पर आधारित नृत्य एवं संगीतमय नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। विशेष आकर्षण का केंद्र विद्यालय के प्री-प्राइमरी विद्यार्थियों द्वारा कृष्ण भजन पर प्रस्तुत मनमोहक नृत्य रहा। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। वहीं, प्ले एवं नर्सरी कक्षाओं के सभी विद्यार्थी राधा और श्रीकृष्ण के आकर्षक वेश में विद्यालय पहुँचे, जिससे विद्यालय परिसर वृंदावन की मनोहर छवि प्रस्तुत करता नजर आया। विद्यार्थियों के उत्साह, उमंग और उल्लास ने पूरे वातावरण को आनंद एवं भक्ति से सराबोर कर दिया। विद्यालय के प्रबंधक कपिल लोहिया एवं प्रधानाचार्य कपिल भाटिया ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में भक्ति, संस्कार, संस्कृति और सामूहिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करते हुए सभी के मन में श्रीकृष्ण के प्रेम, कर्म और धर्म के संदेश की अमिट छाप छोड़ी।












