Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 जून । आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्गठन को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS  की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद के सभी मतदेय स्थलों का पुनः परीक्षण कराया जा रहा है। आयोग के मानकों के अनुसार जिन मतदेय स्थलों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, उनका विभाजन कर नए मतदेय स्थल बनाए जाएंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा सके। उन्होंने बताया कि 24 जून से 31 जुलाई तक विभिन्न चरणों में मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण, प्रारूप सूची का प्रकाशन, प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का परीक्षण, उनका नियमानुसार निस्तारण तथा अंतिम प्रस्ताव तैयार करने की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मतदेय स्थल भूतल पर स्थापित किए जाएंगे तथा दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाएगा कि एक ही परिवार के मतदाताओं को अनावश्यक रूप से अलग-अलग मतदान केंद्रों पर न भेजा जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए मतदेय स्थलों के पुनर्गठन का कार्य समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़ एवं जनसुविधा उन्मुख बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां नए मतदान केंद्र बनाए जाने आवश्यक हों, वहां यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदाताओं को अधिक दूरी तय न करनी पड़े तथा सामान्यतः मतदान केंद्र की दूरी दो किलोमीटर से अधिक न हो। साथ ही मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाए। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि राजेश कुमार ‘ऑफर गुड्डू’, भाजपा प्रशासनिक प्रमुख सुनील वर्मा, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, सीपीआई (एम) के जिला सचिव श्याम सिंह वर्मा, बसपा जिलाध्यक्ष राजकपूर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार कुशवाहा, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद, कांग्रेस के महासचिव श्रीकृष्ण एडवोकेट, उपजिलाधिकारी सदर, सासनी एवं सादाबाद, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page