हाथरस 24 जुलाई। श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ हाथरस-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने हतीसा बाईपास से आगरा जनपद की सीमा तक विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगला भुस चौराहे पर हाईमास्ट लाइट स्थापित कराने तथा पार्क की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस को निर्देशित किया कि ढाबों के बाहर वाहनों की अनावश्यक पार्किंग न होने दी जाए और सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सादाबाद तहसील क्षेत्र के चौधरी चरण सिंह तिराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाने, कोटा-कपूरा चौराहा एवं कुरसंडा मोड़ पर प्रभावी बैरीकेडिंग कराने तथा कांवड़ यात्रा मार्ग के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के लिए पृथक लेन तैयार करने, सैंड बैग लगाने और उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने को भी कहा, ताकि रात्रिकालीन यात्रा के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगाए जाने वाले शिविर निर्धारित दूरी पर स्थापित किए जाएं ताकि यातायात प्रभावित न हो। प्रत्येक शिविर में पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन, चिकित्सा सुविधा, मेडिकल किट सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्युत सुरक्षा के मद्देनजर विद्युत पोलों को आवश्यकतानुसार पॉलिथीन से कवर कराने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं और प्रत्येक बिंदु पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उपजिलाधिकारी हाथरस एवं सादाबाद, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, लोक निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, एनएचएआई के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101











