हाथरस 23 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद निर्वाचन-2026 के अंतर्गत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया के दृष्टिगत 23 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सत्य प्रकाश पटेल तथा पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान संबंधी व्यवस्थाओं, मतदान प्रक्रिया की प्रगति और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विकासखंड मुरसान, पीबीएस इंटर कॉलेज हाथरस, विकासखंड हसायन, गौरी शंकर हिंदू इंटर कॉलेज सिकंदराराऊ, के.एल. जैन इंटर कॉलेज सासनी, विकासखंड सादाबाद तथा ब्लॉक सहपऊ स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों से मतदान प्रक्रिया के संचालन के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सत्य प्रकाश पटेल ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया निर्धारित नियमों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने, मतदान समाप्ति तक सतर्कता बरतने तथा निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। एसपी ने मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, निर्वाचन प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने के किसी भी प्रयास के प्रति सजग रहने तथा निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से पालन करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदान समाप्ति तक सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं प्रभावी बनाए रखी जाएं। निर्वाचन प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें, ताकि मतदान निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके।









