
हाथरस 24 जुलाई। विकास भवन सभागार में आयोजित आधार अनुश्रवण समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आधार सेवाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने तथा सक्रिय किटों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय रहते आधार का बायोमेट्रिक अपडेट अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के सहायक प्रबंधक संदेश श्रीवास्तव ने आधार प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हाथरस जनपद ने उत्तर प्रदेश में 15वां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इसे प्रशासन, संबंधित विभागों एवं आमजन की जागरूकता का सकारात्मक परिणाम बताया। उन्होंने बताया कि 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराना आवश्यक है तथा UIDAI द्वारा यह सुविधा सितंबर 2026 तक पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। संदेश श्रीवास्तव ने यह भी जानकारी दी कि जनपद में नागरिकों की सुविधा के लिए एक आधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया है, जहां उन्नत सुविधाओं के साथ आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह केंद्र 5/5 आवास विकास कॉलोनी, केडीआर (KDR) कॉम्प्लेक्स, एमजी पॉलिटेक्निक गेट नंबर-1 के सामने, आगरा रोड, हाथरस-204101 पर संचालित है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










