Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 जुलाई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर जनपद की 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि जिलास्तरीय समीक्षा में पाया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में इन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने क्षेत्र की किसी भी पात्र गर्भवती महिला का योजना के तहत पंजीकरण नहीं कराया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत प्रथम बार गर्भवती महिला को दो किस्तों में कुल 5,000 रुपये तथा दूसरी बार गर्भधारण पर बालिका के जन्म की स्थिति में एकमुश्त 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। योजना के तहत गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से कराया जाता है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सभी 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि यदि 31 जुलाई तक उनके क्षेत्र की सभी पात्र महिलाओं का पंजीकरण नहीं कराया गया, तो उनके विरुद्ध मानदेय रोकने तथा आवश्यकता पड़ने पर सेवा समाप्ति जैसी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक में भी स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसे अंतिम चेतावनी के रूप में जारी किया गया है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने जनसामान्य से अपील की है कि क्षेत्र की सभी पात्र गर्भवती महिलाएं अपनी संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके। साथ ही सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र की प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला का 31 जुलाई तक पंजीकरण सुनिश्चित करें। सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि योजना में लापरवाही बरतने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई के लिए 30 जुलाई तक संबंधित पत्रावली जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page