
हाथरस 19 मई। शहर में सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में आज यातायात क्षेत्राधिकारी (सीओ) श्याम वीर सिंह और यातायात प्रभारी अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख ड्यूटी पॉइंटों पर एक विशेष और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले (ड्रंकन ड्राइविंग) चालकों को चिह्नित किया। संदिग्ध वाहन चालकों को रोककर ‘ब्रेथ एनालाइजर’ मशीन के माध्यम से उनके अल्कोहल स्तर की सघन जांच की गई। इस दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए कई चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कड़ी चालान की कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को सख्त हिदायत देते हुए यातायात क्षेत्राधिकारी श्याम वीर सिंह ने कहा कि शराब का सेवन कर वाहन चलाना बेहद जानलेवा है। यह न केवल वाहन चालक की अपनी जान को खतरे में डालता है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य निर्दोष राहगीरों की जिंदगी को भी जोखिम में डालता है। उन्होंने सभी से जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की। सिकंदराराऊ में क्रिटिकल पॉइंट का निरीक्षण: दूसरी ओर, सड़क सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के अंतर्गत चिह्नित किए गए ‘क्रिटिकल दुर्घटना पॉइंट’ (ब्लैक स्पॉट) का पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। सीओ श्याम वीर सिंह, यातायात प्रभारी अनूप सिंह और सिकंदराराऊ थाने की क्रिटिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क की बनावट, साइन बोर्ड की उपलब्धता, स्पीड ब्रेकर की स्थिति और ट्रैफिक संचालन का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने इस पॉइंट पर भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव और उनके स्थाई समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की। टीम ने निर्णय लिया कि इस दुर्घटना संभावित क्षेत्र में तत्काल अतिरिक्त चेतावनी बोर्ड (साइन बोर्ड) लगाए जाएंगे और आवश्यकतानुसार ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की स्थाई तैनाती की जाएगी। यातायात प्रभारी अनूप सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






















