हाथरास 19 मई । थाना चंदपा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव परसारा निवासी नरेंद्र सिंह ने लाइट फिटिंग के लिए दिए गए अपने ही पैसे वापस मांगने पर कुछ दबंगों द्वारा गाली-गलौज और जानलेवा मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में थाना चंदपा में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित नरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपने घर में लाइट फिटिंग का काम कराने के लिए गांव के ही दिलशाद नाम के कारीगर को एडवांस पैसे दिए थे। दिलशाद ने केवल एक दिन बिजली का काम किया और फिर काम अधूरा छोड़कर चला गया। बाद में फोन पर बातचीत के दौरान दिलशाद ने काम करने से साफ मना कर दिया और नरेंद्र से अपने पैसे वापस ले जाने को कहा। नरेंद्र के मुताबिक, जब वह अपने पैसे वापस लेने के लिए तिहाई मोहल्ले में गया, तो वहां दिलशाद, रियाज, सलमान और भोले ने उसे बीच सड़क पर ही रोक लिया। चारों आरोपियों ने आते ही नरेंद्र के साथ मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देना शुरू कर दिया। जब नरेंद्र ने इस गाली-गलौज का कड़ा विरोध किया, तो आगबबूला हुए आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूसों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। नरेंद्र की चीख-पुकार और शोरशराबा सुनकर मोहल्ले के काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और बीच-बचाव कर नरेंद्र की जान बचाई। पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते आरोपी उसे दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।






















