
हाथरस 16 जून । थाना सासनी क्षेत्र में जमीन एवं घेर खाली कराने को लेकर चल रहे पुराने विवाद के बीच एक युवक के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बृजपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय केहरी सिंह निवासी खंदा नगला, हाल निवासी वैष्णवधाम कॉलोनी, अलीगढ़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका नाती कौशलेंद्र उर्फ कौशल पुत्र रनवीर सिंह 18 अप्रैल 2025 की शाम अकबरपुर में आयोजित एक प्रीतिभोज कार्यक्रम से वापस लौट रहा था। आरोप है कि नौजरपुर और नगला लोका के बीच स्थित पीपल के पेड़ के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। पीड़ित के अनुसार आरोपितों ने उसके नाती के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन अपने साथ खंदा नगला स्थित घर ले गए। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वहां आरोपितों और उनके परिजनों ने युवक को घर में बंद कर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पीआरवी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आरोपितों के कब्जे से मुक्त कराकर थाना सासनी लेकर आई। पुलिस ने घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना के कई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद हैं, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा है। थाना पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






















