
हाथरस 12 जुलाई । हाथरस पुलिस ने भी जनपदभर में आज व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ संचालित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, जलवायु संतुलन तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में “हरित प्रदेश-स्वच्छ प्रदेश” के संकल्प को साकार करने के लिए हाथरस जनपद के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में वृक्षारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छायादार, फलदार एवं पर्यावरण की दृष्टि से उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया गया। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से मातृ सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुँचाया गया। हाथरस पुलिस द्वारा इस महाअभियान के अंतर्गत जनपद के सभी पुलिस सर्किलों, थाना एवं चौकी परिसरों, पुलिस कार्यालयों, विभिन्न शाखाओं, पुलिस लाइन तथा पुलिस आवासीय परिसरों में 27,950 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र में वृद्धि, भू-जल संरक्षण तथा स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान देने का प्रयास किया जा रहा है। हाथरस पुलिस ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि वे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनके संरक्षण का संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।











