
हाथरस 30 जुलाई । कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नूरपुर में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए घर में रखी सेफ का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी सुबह होने पर परिजनों को हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव नूरपुर निवासी धर्मवीर पुत्र बाबूलाल ने थाना हाथरस जंक्शन में दी गई तहरीर में बताया कि 26/27 जुलाई 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित के अनुसार चोर सोने की चेन, सोने की अंगूठी, चांदी की पाजेब तथा 25 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोगों ने सेफ देखी तो उसका ताला टूटा मिला और उसमें रखा सामान गायब था। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। धर्मवीर ने आशंका जताई है कि चोरी की वारदात को आसपास के किसी व्यक्ति ने अंजाम दिया हो सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






