Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद/सिकंदराराऊ 17 जून । आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में बुधवार को थाना सादाबाद एवं थाना सिकंदराराऊ पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा ताजियादारों, मुस्लिम धर्मगुरुओं तथा क्षेत्र के गणमान्य एवं संभ्रांत व्यक्तियों के साथ किया गया।बी बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को विस्तार से सुना तथा आगामी मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी पर्व को परंपरागत तरीके से मनाया जाए तथा किसी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। पुलिस अधिकारियों ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि कोई भी ताजिया बिना अनुमति के नहीं निकाला जाएगा। ताजिया जुलूस के मार्ग एवं समय की सूचना पूर्व में प्रशासन एवं पुलिस को उपलब्ध कराई जाए, जिससे आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। साथ ही ताजिया जुलूस के पारंपरिक मार्गों में किसी प्रकार का परिवर्तन न करने तथा ताजियों की ऊंचाई एवं चौड़ाई में बदलाव न करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर भी जोर दिया गया। ताजियादारों को प्रत्येक ताजिया के साथ वालंटियर नियुक्त करने तथा उनके नाम एवं मोबाइल नंबर की सूची संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई अथवा अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी संबंधित विभागों को समय रहते देने की सलाह दी गई। इस अवसर पर सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा उत्तेजक पोस्ट पर बिना पुष्टि के विश्वास न करें और न ही किसी धर्म या समुदाय विशेष के संबंध में अवांछनीय सामग्री साझा करें। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर पुलिस की विशेष निगरानी है तथा ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित ताजियादारों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मोहर्रम पर्व मनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page