Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 सितम्बर। अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षित गर्भपात से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं, जागरूकता तथा आमजन को उपलब्ध सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षित गर्भपात के संबंध में आमजन को व्यापक रूप से जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के लिए प्रेरित करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न माध्यमों से जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सुरक्षित गर्भपात से जुड़े नियमों एवं प्रावधानों तथा निर्धारित स्वास्थ्य संस्थानों पर उपलब्ध सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था से संबंधित किसी भी निर्णय के लिए योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना आवश्यक है और असुरक्षित तरीके से गर्भपात कराने पर गंभीर स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षित गर्भपात से संबंधित सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी पात्र महिलाओं तक पहुंचाई जाए तथा स्वास्थ्य संस्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page