Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 अक्टूबर। महान पुरुषों के सम्मान में विश्वभर के विभिन्न देशों द्वारा डाक टिकट जारी किए जाते हैं। इनमें महात्मा गांधी का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। हाथरस के डाक टिकट संग्रहकर्ता शैलेंद्र वार्ष्णेय सर्राफ के संग्रह में महात्मा गांधी के सम्मान में भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों द्वारा जारी किए गए सैकड़ों डाक टिकट, लिफाफे और अन्य स्मृति सामग्री मौजूद हैं। शैलेंद्र वार्ष्णेय सर्राफ के अनुसार, विश्व के लगभग 150 देशों ने महात्मा गांधी पर डाक टिकट जारी किए हैं। उनके संग्रह में अमेरिका, कांगो, इंग्लैंड, फ्रांस, श्रीलंका, तुर्की, अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड, भूटान, संयुक्त अरब अमीरात, ईरान, इराक, नेपाल, मालदीव, साइप्रस, ग्रीस, मिस्र, क्यूबा, सूडान, चाड, जर्मनी, हंगरी, पोलैंड, आयरलैंड, घाना, दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया, आइसलैंड सहित अनेक देशों के डाक टिकट शामिल हैं। शैलेंद्र वार्ष्णेय सर्राफ ने बताया कि उन्हें बचपन से ही डाक टिकट संग्रह करने का शौक था। जब उनके संग्रह में महात्मा गांधी पर जारी कुछ डाक टिकट आए और उन्होंने स्कूल में गांधीजी के जीवन एवं स्वतंत्रता आंदोलन के बारे में पढ़ा, तो उनके मन में गांधीजी से संबंधित डाक टिकटों का संग्रह बढ़ाने की जिज्ञासा और अधिक बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने विभिन्न डाक प्रदर्शनियों में जाकर महात्मा गांधी पर जारी डाक टिकटों को संग्रहित करना शुरू किया।

उनके संग्रह में भारत द्वारा महात्मा गांधी के सम्मान में जारी किए गए सैकड़ों डाक टिकट और लिफाफे मौजूद हैं। इसके अलावा विदेशों में गांधीजी पर जारी डाक टिकटों का भी व्यापक संग्रह उनके पास है। इन टिकटों में गांधीजी के जीवन, विचारों और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को अलग-अलग रूपों में प्रदर्शित किया गया है। कई डाक टिकटों में उन्हें स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व करते हुए दर्शाया गया है। विशेष बात यह है कि जिस ब्रिटेन के शासन के खिलाफ महात्मा गांधी ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को नेतृत्व प्रदान किया, उसी देश ने भी गांधीजी के सम्मान में डाक टिकट जारी किए। वहीं कुछ देशों ने गांधीजी को विश्व के अन्य महान व्यक्तित्वों के साथ अपने डाक टिकटों पर स्थान दिया है। इनमें मार्टिन लूथर किंग जूनियर और अब्राहम लिंकन जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। शैलेंद्र वार्ष्णेय सर्राफ के संग्रह में केवल डाक टिकट ही नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के सम्मान में जारी किए गए सिक्के, हुंडी और रुपये सहित अन्य ऐतिहासिक सामग्री भी मौजूद है। उनका यह संग्रह महात्मा गांधी के वैश्विक प्रभाव और दुनिया के विभिन्न देशों द्वारा उन्हें दिए गए सम्मान को दर्शाने वाला अनूठा संग्रह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page