
हाथरस 18 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्यामकुंज स्थित एम.एल.डी.वी. पब्लिक इंटर कॉलेज में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह कुशवाहा, नोडल प्रमुख विपिन लवांनिया, पूर्व कृषि प्रसाधन अधिकारी सतीश चन्द्र शर्मा, डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त, प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता (एड.) एवं प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छात्रा ईशिका वार्ष्णेय ने कहा कि उनकी आंखों में ऐसे भारत का सपना है, जहां नालंदा और तक्षशिला जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान हों, शिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार मिले और भ्रष्टाचार जड़ से समाप्त हो। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर दंगे न हों, नारी सशक्तिकरण के लिए सभी समर्पित होकर कार्य करें तथा नवीनतम वैज्ञानिक एवं डिजिटल तकनीक तक प्रत्येक नागरिक की पहुंच हो। उन्होंने कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक भारत के सम्मान के लिए समर्पित हो, तभी भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा।
वहीं छात्रा गार्गी रावल ने भारत की विविधता में एकता को देश की विशेष पहचान बताते हुए कहा कि उनका सपना ऐसा भारत है, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और समान अवसर प्राप्त हों। गरीब और अमीर सभी बच्चों को शिक्षा के समान अवसर मिलें, देश प्रदूषण मुक्त बने और प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ हवा एवं स्वच्छ जल उपलब्ध हो। उन्होंने विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने तथा नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। मुख्य अतिथि प्रेमसिंह कुशवाहा ने छात्र-छात्राओं के संकल्प और इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत को लेकर विद्यार्थियों द्वारा देखे जा रहे सपने निश्चित रूप से भविष्य में साकार होंगे। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत, स्वच्छ एवं विकसित बनाने का सपना तभी वास्तविकता में बदल सकता है, जब देश का प्रत्येक युवा संकल्पबद्ध होकर राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करे। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आकर्षक एवं रचनात्मक चित्र बनाए। चित्रकला प्रतियोगिता में एंजिल ने प्रथम, अनन्या ने द्वितीय तथा कोमल वार्ष्णेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन ऋद्धि अग्रवाल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। अंत में संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने छात्र-छात्राओं से अपने सपनों के भारत को वास्तविकता में बदलने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया।








