
हाथरस 07 नवंबर । अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालजनों द्वारा विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंजली पत्नी रवि खटीक, पुत्री जुगेंद्र सिंह निवासी ग्राम सलेमपुर, थाना सादाबाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 22 जून 2023 को रवि खटीक पुत्र मातादीन निवासी ग्राम परीक्षा, थाना मातावसैया, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब पांच लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें बाइक, अंगूठी, एलईडी टीवी, फ्रिज, कूलर, डबल बेड, वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन और बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति रवि, ससुर और ननद दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी तथा उसे भूखा रखकर प्रताड़ित किया जाता था। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति बेल्ट से मारपीट करता था और दो लाख रुपये दिलवाने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी देता था। परेशान होकर उसके पिता ने 10 हजार रुपये भी दिए, लेकिन इसके बावजूद ससुरालजनों का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि 11 जून 2025 को ससुरालजनों ने उसके साथ मारपीट की और गाड़ी में बैठाकर गांव के बाहर छोड़ दिया। इसके बाद 2 मार्च 2026 को ससुरालजन उसके गांव पहुंचे, जहां पति और ननद ने फिर से मारपीट की। शोर सुनकर उसके पिता और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुरालजन मुकदमा दर्ज कराने पर उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






