
हाथरस 20 जुलाई। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के नवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत माटीकला से जुड़े कारीगरों एवं युवाओं को स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद हाथरस में माटीकला जागरूकता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 28 जुलाई (मंगलवार) को दोपहर 1 बजे से ग्राम अंडौली, विकास खंड हसायन, तहसील सिकंदराराऊ में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, वित्तीय सहायता तथा स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी माटीकला कारीगरों, युवाओं एवं इच्छुक व्यक्तियों को प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपद के समस्त माटीकला कारीगरों, युवाओं एवं इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में प्रतिभाग कर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि माटीकला जागरूकता पखवाड़े का उद्देश्य पारंपरिक माटीकला शिल्प को बढ़ावा देने के साथ-साथ कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।








