Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 अक्टूबर। मां कंकाली के भक्तों के लिए आस्था और भक्ति से जुड़ा विशेष आयोजन होने जा रहा है। अश्विनी मास शुक्ल पक्ष प्रतिपदा, 11 अक्टूबर को चतुर्थ मां कंकाली पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। पदयात्रा की शुरुआत रमनपुर रोड स्थित कैलाश नगर के भैरवनाथ सिद्ध पीठ मंदिर से सुबह 11 बजे होगी। पदयात्रा में बड़ी संख्या में मां कंकाली के भक्त, पंडित किशोरी लाल स्मृति योग संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा मंदिर सेवा से जुड़े श्रद्धालु शामिल होंगे। पदयात्रा मां कंकाली के जयकारों के साथ सासनी स्थित मां कंकाली मंदिर तक पहुंचेगी। मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान से मां कंकाली की पूजा-अर्चना, आरती एवं वंदन किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा माता रानी को चुनरी और विभिन्न श्रृंगार सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की जाएगी। इस दौरान ‘जय मां कंकाली माता’ और ‘जय माता रानी शेरावाली’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। आयोजकों की ओर से पंडित किशोरी लाल स्मृति योग संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, मंदिर की सेवा में निरंतर लगे भक्तजनों तथा सभी श्रद्धालुओं से समय से पहुंचकर पदयात्रा में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा कि मां कंकाली की भक्ति और आस्था से जुड़ी इस पदयात्रा में शामिल होकर श्रद्धालु पुण्य के भागी बनें और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page