Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 28 नवंबर। जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध शैक्षिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि छात्राएं भोजन कर रही थीं। उन्होंने छात्राओं के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और सुबह के नाश्ते, दोपहर एवं रात्रि के भोजन में दिए जाने वाले खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं भोजन तैयार करने की व्यवस्थाओं को परखा। जिलाधिकारी ने भोजन बनाने में इस्तेमाल होने वाले मसालों, तेल एवं अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा छात्राओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उनकी शैक्षिक क्षमता और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित क्षेत्राधिकारी पुलिस को समय-समय पर महिला पुलिस कर्मियों को विद्यालय भेजकर छात्राओं की काउंसलिंग कराने तथा उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और पूछा कि उन्हें विद्यालय में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। उन्होंने विद्यालय की वार्डन इंचार्ज को निर्देश दिए कि रसोइयों के मानदेय का भुगतान समय से सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही छात्राओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरी लगन एवं मेहनत से पढ़ाई करें और अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें। शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं और जीवन में सफलता प्राप्त करें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिकंदराराऊ, क्षेत्राधिकारी पुलिस सिकंदराराऊ, तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सिकंदराराऊ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page