Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

दिल्ली/हाथरस 28 नवंबर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में तीन प्रमुख नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें पूर्व विधायक गेंदा लाल चौधरी, जिला पंचायत सदस्य राकेश दिवाकर और पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंकज चौधरी शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक गेंदा लाल चौधरी ने बहुजन समाज पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा, जबकि जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या-9 राकेश दिवाकर ने समाजवादी पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या-9 पंकज चौधरी भी अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। तीनों नेताओं को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय दिल्ली लेकर पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी कुणाल चौधरी की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इनके साथ जगदीश चौधरी, नीरज कुमार, गजेंद्र सिंह तोमर और मोरध्वज ने भी कांग्रेस का दामन थामा।

इस अवसर पर राजेंद्र पाल गौतम ने सभी नए सदस्यों का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और सर्वसमाज के हितों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी। राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह प्रभारी कुणाल चौधरी ने कहा कि प्रमुख नेताओं और उनके समर्थकों का कांग्रेस में शामिल होना संगठन के लिए उत्साहजनक है। नए साथियों के अनुभव और जनसमर्थन से पार्टी को नई ताकत मिलेगी। वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने इसे कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि सभी नए साथियों के साथ मिलकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति दी जाएगी।

कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक गेंदा लाल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और संविधान में विश्वास रखते हुए उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनता की आवाज उठाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने की बात कही। जिला पंचायत सदस्य राजेश दिवाकर और पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंकज चौधरी ने भी कांग्रेस नेतृत्व एवं पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को उठाने की बात कही। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमंत सेंगर, जिला महासचिव नवीन उपाध्याय, अब्बास हुसैन, कृष्ण एडवोकेट और हिमांशु जय हिंद सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page