
हाथरस 28 नवंबर। रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, में प्राचार्या प्रो. मंजु वर्मा के दिशा-निर्देशन में रोड सेफ्टी क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में छात्राओं एवं अभिभावकों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। छात्राओं को बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु में वाहन नहीं चलाना चाहिए। दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय स्टंट नहीं करने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, नागरिकों में सुरक्षित यातायात की आदत विकसित करना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशि एवं डॉ. प्रियंका सरोज का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। उक्त जानकारी प्रतिवेदन समिति की प्रभारी कु. नेहा यादव एवं डॉ. प्रियंका सरोज ने दी।








