
हाथरस 29 सितम्बर। 115वें प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज के शुभ एवं पावन अवसर पर क्षत्रिय सभा द्वारा “क्षत्रिय युवा संवाद एवं युवा मिलन” कार्यक्रम का भव्य आयोजन उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के युवाओं को संगठित होकर शिक्षा, सामाजिक विकास एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रवीण राज सिंह, विशिष्ट अतिथि सौरभ सिंह, राजेश सिंह गुड्डू एवं शिविर संयोजक इंजीनियर अरुण सिंह ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। मुख्य अतिथि प्रवीण राज सिंह ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने क्षत्रिय समाज की बलिदानी परंपरा और राष्ट्र रक्षा के मूल्यों को वर्तमान युवा पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि राजेश सिंह गुड्डू एवं श्री सौरभ सेंगर ने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, सुदृढ़ संगठन और सामाजिक समरसता को समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया।
शिविर संयोजक इंजीनियर अरुण सिंह ने आधुनिक युग की आवश्यकताओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को तकनीकी शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं एवं स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में अधिक भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल का उपयोग समाज और देश की सेवा में करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य अतिथि को पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक पंकज सेंगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन अवसर पर उन्होंने सभी अतिथियों, प्रबुद्धजनों एवं युवा साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवा संवाद का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संगठित करना, उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा सामाजिक विकास में उनकी प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करना है। सह-संयोजक अभय प्रताप सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी नवागंतुक साथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ मार्गदर्शकों एवं शिक्षाविदों ठाकुर भारतेंदु पाल सिंह, डॉ. गिरिराज सिंह गहलोत, ठाकुर कुशलपाल सिंह, ठाकुर देवेन्द्र सिंह राघव, ठाकुर अनिल कुमार सिंह एवं ठाकुर प्रमोद मदनावत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। वरिष्ठजनों ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने भविष्य में भी युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक सेवा और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में प्रयास जारी रखने की बात कही।









