Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 सितम्बर। मेला श्री दाऊजी महाराज के मेला पंडाल में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में वन्य जीव-जंतु एवं पर्यावरण सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में जनसमुदाय मौजूद रहा। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने कहा कि कार्यक्रम संयोजक भवतोष मिश्र कई वर्षों से इस सम्मेलन का आयोजन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल वन्य जीव-जंतुओं के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर मानव जीवन और भविष्य से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तेजी से हो रहे वृक्षों के कटान और लगातार गिरते भूगर्भ जल स्तर पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने भविष्य में उत्पन्न होने वाले जल संकट की ओर भी लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने संतुलित पर्यावरण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और वन्य जीव-जंतुओं के महत्व को रेखांकित करते हुए घटते जंगलों और बढ़ते कंक्रीट निर्माण पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाना जरूरी है और इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम समन्वयक एवं डीएफओ राकेश चंद्र यादव ने बताया कि पर्यावरण संतुलन के लिए 33 प्रतिशत से अधिक भूभाग पर वन क्षेत्र होना चाहिए, जबकि जनपद में वन क्षेत्र इस मानक की तुलना में काफी कम है। उन्होंने मानव और वन्य जीवों के बीच बढ़ते टकराव के कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वन क्षेत्र में वृद्धि कर इस प्रकार के संघर्ष को कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। साथ ही सम्मेलन की सफलता के लिए कार्यक्रम संयोजक भवतोष मिश्र को बधाई दी।

कार्यक्रम संयोजक भवतोष मिश्र ने बताया कि मेला श्री दाऊजी महाराज में वर्ष 1995 में पहली बार उनके संयोजकत्व में पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किया गया था। उन्होंने सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए हरियाली बचाने, अधिक से अधिक पेड़ लगाने, जल की बर्बादी रोकने, पॉलिथीन का बहिष्कार कर कपड़े के थैले अपनाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने, इलेक्ट्रिक वाहनों एवं साइकिल का अधिकाधिक उपयोग करने तथा वन्य जीवों के प्रति दया और संवेदना का भाव रखने की अपील की। भवतोष मिश्र ने सम्मेलन में मौजूद जनसमुदाय से संवाद करते हुए पूछा कि क्या इस प्रकार के पर्यावरण सम्मेलन की आवश्यकता है और क्या इसका आयोजन लगातार होते रहना चाहिए। इस पर मौजूद लोगों ने सम्मेलन की आवश्यकता बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन को जारी रखने की बात कही। सम्मेलन में व्यापारी नेता हरिमोहन शर्मा ‘गुरुजी’, विपिन अग्निहोत्री, योगेश यादव, सुंदर आर्य और अर्पण शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बाबा देवी सिंह ‘निडर’ ने काव्य पाठ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं सेठ हरचरन दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं तथा दीप इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान जेपीजीडी महाविद्यालय चंदपा के संस्थापक केके दीक्षित एडवोकेट, कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी संदीप दीपक, बॉबी सिसोदिया, वीरेंद्र सिंह पुंडीर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रजत चौधरी एवं मुकेश चौहान, पूनम सेंगर, दीपक उपाध्याय, जितिन दीक्षित, दिनेश शर्मा, दिनेश पुंडीर, प्रमिला यादव, गुरप्रीत कौर, गंगा देवी, काजल दीक्षित, वन क्षेत्राधिकारी अमित गौड़, अभिषेक कुमार, सुमन, राशिद सहित सामाजिक संस्था मानव कल्याण की युवा शाखा की जिलाध्यक्ष श्रुति मिश्र, गौरव मिश्र और नीलम देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page