Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 नवंबर। गंगा उत्सव एवं 1 से 7 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत जिला गंगा समिति, हाथरस एवं हाथरस वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में करवन नदी के पटैनी पुल स्थित नदी तट पर गंगा उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हरिशंकरी वाटिका की स्थापना के लिए पौधारोपण किया गया। साथ ही नदी तट पर वैदिक पूजन एवं मां गंगा की आरती कर नदियों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत तथा भजन संध्या के कलाकार नीरज मस्ताना की भजन प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने हरिशंकरी वाटिका की स्थापना के लिए पौधारोपण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने नदियों के संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संतुलन और वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। नदियों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने आमजन से पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में करवन नदी के तट पर वैदिक पूजन किया गया। इसके बाद मां गंगा की आरती आयोजित हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नदियों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एडीओ पंचायत भीष्म नारायण, एडीओ ग्राम विकास ज्ञानदीप शर्मा, नगर पंचायत मुरसान के चेयरमैन देसराज सिंह, नरेंद्र शर्मा, खंड विकास अधिकारी, क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित मोहन गौड़, वन प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिला परियोजना अधिकारी शिल्पी कश्यप सहित पटैनी गांव के ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा सतत जीवनशैली, हरित पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page