
हाथरस 10 सितंबर । थाना हाथरस गेट क्षेत्र के कैलाश नगर में बुधवार देर रात गर्भवती महिला और उसकी ननद के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मौसेरी सास और परिवार की अन्य महिलाओं ने दोनों को सड़क पर घेरकर पीटा। मारपीट के दौरान गर्भवती महिला के पेट में लात मारने का भी आरोप है। हालत बिगड़ने पर उसे देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मोहल्ला श्रीनगर निवासी शाजिया पत्नी वारिस अपनी ननद नाजिया के साथ कैलाश नगर में थीं। आरोप है कि इसी दौरान मौसेरी सास और परिवार की अन्य महिलाओं ने दोनों को सड़क पर घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई घटना से मौके पर हंगामा हो गया और आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए।
स्वजन का आरोप है कि मारपीट के दौरान शाजिया के पेट में लात मारी गई। शाजिया गर्भवती है। चोट लगने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। नाजिया के भी घायल होने की बात कही जा रही है। पीड़िता की सास ने बताया कि शाजिया ने उनके बेटे वारिस से कोर्ट मैरिज की थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर मौसेरी सास उसे ताने देती थी कि वह भागकर शादी करके आई है। इसी विवाद को मारपीट की वजह बताया जा रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है। जांच के बाद मारपीट की वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।






