हाथरस 10 सितंबर । सदर कोतवाली क्षेत्र के नाई का नगला में बुधवार देर रात कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ ले गए। नाई का नगला निवासी भूपेंद्र कुमार (28) पुत्र गेंदालाल की इगलास रोड पर शीशे की दुकान है। वह रोजाना की तरह बुधवार को भी दुकान पर गए थे। देर शाम दुकान बंद करने के बाद वह घर लौट आए।
बताया गया कि घर में रखे कूलर में करंट उतर आया था। बुधवार रात भूपेंद्र ने किसी तरह कूलर को छू लिया और वह करंट की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद भूपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ ले गए। भूपेंद्र अपने पीछे एक बच्चे को छोड़ गए हैं।






