हाथरस 21 अगस्त। केंद्रीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं द्वारा मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए अपने मन की बात, अपेक्षाओं, सपनों और सुझावों पर आधारित चिट्ठी लेखन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने विचारों और भविष्य की आकांक्षाओं को पत्र के माध्यम से व्यक्त करने का अवसर देना रहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी कक्षाओं, विषयों, रुचियों तथा चिट्ठी लेखन के अनुभव के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से उनकी पसंदीदा खेल गतिविधियों के बारे में भी पूछा। खेलों के प्रति बच्चों की रुचि को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय को कैरम बोर्ड भेंट किया गया तथा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों के साथ कैरम खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि यह अभियान पुलिस-प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को पत्र लिखने की पहल है, जिसके माध्यम से बच्चों को अपनी अपेक्षाओं, सुझावों और सपनों को व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, रील और शॉर्ट्स के बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों को कुछ समय निकालकर क्रिएटिव राइटिंग की ओर प्रेरित करना जरूरी है। पत्र लिखने से बच्चों की रचनात्मकता, विचारों को व्यवस्थित करने और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को यह सोचने का अवसर मिलना चाहिए कि उन्होंने क्या सीखा है, भविष्य में क्या करना चाहते हैं और देश के विकास में किस प्रकार योगदान दे सकते हैं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से उनके माता-पिता के व्यवसाय के बारे में भी जानकारी ली और आत्मीय संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की ओर से प्राप्त सुझावों और अपेक्षाओं को उचित स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लेखन के साथ-साथ अपने सपनों और विचारों को सकारात्मक दिशा देने का संदेश दिया गया।














