हाथरस 03 नवंबर। वरिष्ठ अधिवक्ता वासुदेव माहौर को भाजपा के विधि प्रकोष्ठ में प्रांतीय सह संयोजक बनाए जाने पर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस उपलब्धि पर अधिवक्ता समाज में हर्ष का माहौल रहा। अधिवक्ताओं ने उन्हें पटका पहनाकर और जयघोष के साथ सम्मानित किया। स्वागत समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता बेंच और वादकारी के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी होता है। वह अध्ययन और संघर्ष के माध्यम से लोगों को न्याय दिलाने का कार्य करता है। पूर्व अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन अतुल आंधीवाल ने वासुदेव माहौर को प्रदेश की टीम में स्थान मिलने को हाथरस के अधिवक्ता समाज के लिए गौरव की बात बताया।
वहीं, पूर्व डीजीसी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता वतन सिंह ने इसे हाथरस ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि वासुदेव माहौर के भाजपा विधि प्रकोष्ठ में प्रांतीय सह संयोजक बनने से अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर वासुदेव माहौर ने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज के लिए जो भी संभव हो सकेगा, उसके लिए वह सरकार के स्तर पर भरसक प्रयास करेंगे। स्वागत करने वालों में अतुल आंधीवाल, राजेश कुमार दीक्षित, वतन सिंह, अन्नू कुमार, संजय दीक्षित, विमल कुमार, आरपी सिंह, साहब सिंह, मयंक शर्मा, अरुण कुमार, सुंदर सिंह, दक्ष दीक्षित, मुकेश पाल सिंह जादौन, विधिक साक्षरता मिशन के अध्यक्ष रामेश्वर चौहान, सुशील पाठक, देवेंद्र शर्मा, जितेंद्र दिवाकर और भूपेंद्र यादव एडवोकेट सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।










