
हाथरस 28 जुलाई। इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस जागृति द्वारा सोमवार को भोजा का नगला स्थित संविलियन प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए फिटनेस एवं आत्मरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बॉडी फिटनेस के महत्व की जानकारी दी गई तथा आत्मरक्षा के लिए जूडो-कराटे का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नियमित अभ्यास कर स्वयं को आत्मनिर्भर एवं सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पूजा यादव का कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग रहा, जिसकी क्लब पदाधिकारियों ने सराहना की। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष मंजूलता वार्ष्णेय, सचिव मधुराज, सीजीआर गुंजन दीक्षित, प्रभा खेमका, मीनू अग्रवाल, रजनी आंधीवाल सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्राओं को ग्लूकोज के पैकेट एवं पानी की बोतल उपहार स्वरूप वितरित की गई। उपस्थित लोगों ने ऐसे आयोजनों को छात्राओं के आत्मविश्वास और सुरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।










