Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 जुलाई। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत 29 जुलाई को संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली गोवर्धनपुर, वाराणसी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभर से संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं समाज के प्रबुद्धजन शामिल होंगे। इस अवसर पर कलश पूजन, समरसता गोष्ठी एवं अभियान का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के तहत सभी राज्यों एवं जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों को संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली की पावन मिट्टी युक्त कलश प्रदान किए जाएंगे। प्रतिनिधि इन कलशों को अपने-अपने जिलों में ले जाकर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसी क्रम में हाथरस से अभियान के सह संयोजक अरविंद दिवाकर, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हरिओम चौधरी तथा सभासद रवि कुशवाहा को पावन कलश लाने के लिए वाराणसी रवाना किया गया।

भाजपा जिला कार्यालय से भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, अभियान की संयोजक एवं जिला मंत्री संध्या आर्य, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, पूजा वर्मा, ओमप्रकाश वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को फूल-माला पहनाकर, तिलक लगाकर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी। भाजपा नेताओं ने बताया कि वाराणसी से पावन मिट्टी युक्त कलश हाथरस पहुंचने के बाद जिले में अभियान के अगले चरण शुरू होंगे। इसके अंतर्गत प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर जिला स्तरीय कलश वंदन कार्यक्रम, संत सम्मेलन, समाज संपर्क अभियान तथा सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जिला स्तर की टोलियों को कलश वितरित किए जाएंगे तथा प्रेस वार्ता, मीडिया संवाद और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

अभियान के दौरान स्थानीय मंदिरों में संत-महात्माओं एवं धर्माचार्यों की उपस्थिति में कलश पूजन, सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन-कीर्तन, संत सम्मान एवं प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। युवाओं और महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन मंडली, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि संत गुरु रविदास महाराज के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। अभियान की संयोजक एवं भाजपा जिला मंत्री संध्या आर्य ने बताया कि हाथरस में अभियान की सफलता के लिए लगातार भाजपा जिला कार्यालय पर बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिले के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page