Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

Spor karşılaşmalarına hızlı bahis yapmak için bahsegel kategorisi seçiliyor.

हाथरस 24 अक्टूबर। बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस की कक्षा आठवीं के मेधावी छात्र अर्णव शर्मा ने इंडिया जीनियस अवॉर्ड (IGA) ओलंपियाड 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय और हाथरस जनपद का नाम रोशन किया है। देशभर से ओलंपियाड में शामिल हुए 8.75 लाख विद्यार्थियों के बीच राष्ट्रीय टॉपर बनकर अर्णव ने प्रतिष्ठित ‘इंडिया जीनियस’ का खिताब हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि को उनकी प्रतिभा, मेहनत, एकाग्रता और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण माना जा रहा है। लखनऊ में आयोजित 13वें इंडिया जीनियस अवॉर्ड समारोह 2026 में अर्णव शर्मा को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता हरिश चंद्र श्रीवास्तव, भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल विवेक गुप्ता, समाजसेवी राहुल सेन सतसेना, लखनऊ के दंत चिकित्सक डॉ. गोविंद जायसवाल तथा राष्ट्रीय स्वरूप, उत्तर प्रदेश के महाप्रबंधक सत्य प्रकाश त्रिपाठी उपस्थित रहे।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर बीएलएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन बी.एल. शर्मा ने अर्णव को उनकी राष्ट्रीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए स्नेहपूर्ण आशीर्वाद प्रदान किया। अर्णव की माता और नानी भी समारोह में मौजूद रहीं और इस यादगार उपलब्धि की साक्षी बनीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विद्या प्रतिक बार्टक्के ने भी अर्णव को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल के अन्य विद्यार्थियों ने भी IGA ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए साइकिल, स्मार्ट वॉच, टैबलेट और पदक जैसे पुरस्कार प्राप्त किए। विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों ने विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

इंडिया जीनियस अवॉर्ड ओलंपियाड 2026 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित श्रीवास्तव ने संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंडिया जीनियस अवॉर्ड का लक्ष्य केवल ओलंपियाड आयोजित करना नहीं, बल्कि देशभर की प्रतिभाओं को पहचानना, विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। अर्णव शर्मा की यह सफलता हाथरस के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और यह संदेश देती है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है। बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल परिवार ने अर्णव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page