Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 जुलाई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों, तीन माह के व्यावहारिक प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षियों तथा डायल-112 पीआरवी पर सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मी लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिला हेल्पलाइन, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सम्मानित महिला पुलिसकर्मियों में प्रभारी महिला सहायता प्रकोष्ठ निरीक्षक सुनीता मिश्रा तथा थाना सादाबाद की महिला आरक्षी सरिता, काजल, दिव्या गौतम, वर्षा, संगीता और आशु शर्मा शामिल रहीं। इसके अलावा तीन माह के व्यावहारिक प्रशिक्षण के दौरान अनुशासित एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षी मोनिका (थाना सहपऊ), रुबी एवं शिवानी (थाना हसायन) को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी भविष्य में भी पूरी दक्षता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

समारोह में डायल-112 पीआरवी पर तैनात चालक जयचन्द्र, आरक्षी राहुल और आरक्षी नवनीत कुमार को भी सम्मानित किया गया। इन पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महत्वपूर्ण घटना में मौके पर पहुंचकर दो व्यक्तियों को अवैध तमंचा एवं कारतूस सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की थी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डायल-112 उत्तर प्रदेश पुलिस की सबसे महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवाओं में से एक है, जिसके माध्यम से आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भविष्य में भी ईमानदारी, संवेदनशीलता और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को आगे भी इसी प्रकार सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाता रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page