
हाथरस 17 अक्टूबर। जनपद में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ग्राम हतीसा भगवन्तपुर में 7.17 करोड़ रुपये की लागत से अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ निर्माणाधीन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लेआउट प्लान के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम हतीसा भगवन्तपुर में अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य 1 जून, 2026 को प्रारंभ हुआ था। परियोजना को 31 मई, 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसकी कुल लागत 7.17 करोड़ रुपये है और वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और तकनीकी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया, ताकि निर्धारित अवधि में जनपद को इस परियोजना का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस का निर्माण पूरा होने के बाद जनपद को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बेहतर केंद्र उपलब्ध होगा। इससे विभिन्न आयोजनों और अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए आधारभूत संरचना मजबूत होगी तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






