
हाथरस 17 अक्टूबर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को तहसील हाथरस में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ जनसुनवाई करते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने इन स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने एक-एक कर शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद अथवा अन्य विवादों से संबंधित शिकायतों में शिकायतकर्ता और संबंधित पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतों का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि फरियादी संतुष्ट हो सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, समय से कार्रवाई न करने अथवा एक ही समस्या को लेकर बार-बार शिकायत आने के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चार तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 175 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील हाथरस में 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर समाधान हुआ। सिकंदराराऊ तहसील में 71 शिकायतों में से तीन, सादाबाद में 46 शिकायतों में से दो और सासनी तहसील में 28 शिकायतों में से छह शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तहसील परिसर में महिला एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, श्रम विभाग, महिला कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला बेसिक शिक्षा विभाग, मिशन शक्ति, जिला पूर्ति विभाग और उद्योग विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। जिलाधिकारी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने वेइंग मशीन के माध्यम से अपना वजन भी कराया। उन्होंने श्रम विभाग को संचालित योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पात्रता के आधार पर दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने और संबंधित लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए और पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी न हो।
ग्राम जटोई में आकाशीय बिजली गिरने से महेश चंद्र की मृत्यु के मामले में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने आपदा राहत के अंतर्गत मृतक के पिता बेनी राम और पत्नी प्रीति देवी को कुल चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। इस सहायता का उद्देश्य आपदा से प्रभावित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करना है। संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी पुलिस, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग एवं जल निगम के अधिशासी अभियंताओं सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






