
हाथरस 16 सितम्बर। विद्या भारती की योजनानुसार आज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी में “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी यात्रा” विषय पर आचार्य निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेन्द्र नाथ शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी आचार्य एवं आचार्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य आचार्यों में लेखन-कौशल, वैचारिक अभिव्यक्ति तथा राष्ट्रीय विषयों के प्रति अध्ययन और चिंतन की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतिभागी आचार्य-आचार्याओं ने अपने निबंधों के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना, उसकी शताब्दी यात्रा, संगठनात्मक कार्यपद्धति, सेवा कार्यों, सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण में उसकी भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेन्द्र नाथ शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आचार्यों को अध्ययन एवं चिंतन के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को भी विकसित करती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी आचार्य-आचार्याओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य एवं आचार्याओं की सक्रिय सहभागिता रही।








