
सासनी 16 सितम्बर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) प्रखंड सासनी द्वारा संगठन का 62वां स्थापना दिवस आर्य समाज सासनी द्वारा संचालित महर्षि दयानंद बाल विद्यालय में धूमधाम एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना शर्मा ने की, जबकि मंच का संचालन विहिप प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विहिप हाथरस के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव मौजूद रहे। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की पृष्ठभूमि, संगठन की ऐतिहासिक यात्रा और उसके मूल उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद हिंदू समाज को एकजुट करने, सनातन संस्कृति के संवर्धन तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य करता है। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से इन उद्देश्यों को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
विहिप प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने तथा उन्हें अच्छे संस्कार देने की अपील की। उन्होंने विद्यालय परिसर में नियमित यज्ञ-हवन के माध्यम से बच्चों में संस्कार विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना शर्मा एवं विद्यालय की अध्यापिकाओं के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, प्रबुद्धजनों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रांतीय सेवा टोली के सदस्य विद्या भूषण गर्ग, प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रचार-प्रसार प्रमुख अमन भार्गव, अंकित शर्मा, प्रखंड सह संयोजक बजरंग दल राजू माहौर ‘बजरंगी’ सहित विहिप एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








