
हाथरस 05 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पहुँचकर जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को एक ज्ञापन प्रेषित किया, जिसमें जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों पर तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की गई। नवनिर्मित कैलौरा ओवरब्रिज की जांच की मांग सपा कार्यकर्ताओं ने कैलौरा चौराहा से जलेसर मार्ग पर बने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) की निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लोकार्पण के कुछ ही महीनों के भीतर ओवरब्रिज की सड़कें उखड़ने और टूटने लगी हैं। उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने और तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई।
किसानों, सड़कों और बिजली का उठा मुद्दा ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने शहर व देहात क्षेत्र में सड़कों की खस्ताहाली, स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य शुरू न होने और गड्ढामुक्त अभियान के बेअसर रहने पर चिंता जताई। इसके अलावा, रबी की फसल की बुवाई को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद (डीएपी) उपलब्ध कराने तथा सिंचाई हेतु प्रतिदिन कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही, शहर में जारी अनियोजित बिजली कटौती पर अंकुश लगाने की अपील की गई। अस्पताल की कुव्यवस्था और अवैध कारोबार पर नकेल की अपील सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला बागला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के गिरते स्तर में सुधार लाने, शहर के सार्वजनिक स्थानों से कूड़े के ढेर हटाने, घंटाघर के नीचे लंबे समय से बंद मार्ग को आम जनता के लिए खोलने तथा जनपद में बेखौफ चल रहे अवैध शराब और सट्टे के कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग रखी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामनारायण काके सहित समाजवादी पार्टी के अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







