Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 अक्टूबर। हाथरस संसदीय क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख रेल मांगों को रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने स्वीकार करते हुए दो महत्वपूर्ण रेल सेवाओं के संचालन को मंजूरी प्रदान की है। हाथरस के सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने क्षेत्र की प्रमुख रेल समस्याओं और यात्रियों की जरूरतों को रेल मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा था। सांसद की पहल के बाद रेल मंत्रालय की ओर से दो महत्वपूर्ण ट्रेनों को हाथरस जंक्शन के रास्ते संचालित किए जाने की स्वीकृति दी गई है।

रेल मंत्रालय से प्राप्त पत्रों के अनुसार—

पहली बड़ी सौगात के तहत पत्र संख्या No. 2026/Chg/16/WR/71, दिनांक 26 सितंबर के माध्यम से गाड़ी संख्या 19427/19428 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस को वाया हाथरस जंक्शन संचालित करने की मंजूरी दी गई है। इस ट्रेन के माध्यम से गुजरात के कच्छ क्षेत्र और बिहार के बरौनी के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा तथा हाथरस जंक्शन पर इसका ठहराव यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। वहीं, दूसरी महत्वपूर्ण सौगात के रूप में पत्र संख्या No. 2025/Chg/16/NCR/49, दिनांक 28 सितंबर के द्वारा गाड़ी संख्या 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल मेल को भी वाया हाथरस जंक्शन संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस दैनिक मेल ट्रेन के संचालन से हाथरस क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। रेल मंत्री की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जनसुविधा और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से यात्री मांग तथा परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप रेल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

दोनों ट्रेनों के संचालन की मंजूरी को हाथरस के साथ-साथ अलीगढ़, सिकंदराराऊ और आसपास के क्षेत्रों के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ-साथ समय की बचत और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के विकास और बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने हाथरस संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधाओं और विकास से जुड़ी मांगों को आगे भी प्राथमिकता के साथ केंद्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि हाथरस संसदीय क्षेत्र में परिवहन और कनेक्टिविटी की सुविधाओं का लगातार विस्तार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page