
हाथरस 05 नवंबर। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक सीधी भर्ती-2025 में चयनित हाथरस जनपद के 66 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के लिए लखनऊ रवाना किया गया। रवाना होने से पहले पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित माधव प्रेक्षागृह में कार्यक्रम आयोजित कर सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की सीख दी। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के 4,543 पदों पर सीधी भर्ती-2025 के सभी चरणों में सफल एवं नवचयनित अभ्यर्थियों को 06 नवंबर को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को देश के सबसे बड़े पुलिस बल उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप सभी एक अनुशासित पुलिस बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। इसलिए नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के लिए लखनऊ जाने और वापस आने के दौरान पूरी तरह अनुशासन बनाए रखें तथा साथ जा रहे अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। एसपी ने अभ्यर्थियों को विशेष रूप से सोशल मीडिया पर संयम बरतने की सलाह देते हुए कहा कि कोई भी ऐसी प्रतिक्रिया या पोस्ट न करें, जिससे जनपद अथवा पुलिस विभाग की छवि धूमिल हो। उन्होंने यात्रा के दौरान अच्छे व्यवहार का परिचय देने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के लिए खाने-पीने की समुचित व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बस प्रभारी अथवा मुख्य प्रभारी अधिकारी क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को भोजन भी कराया। इसके बाद सभी 66 अभ्यर्थियों को दो बसों में बैठाकर हरी झंडी दिखाते हुए लखनऊ के लिए सकुशल रवाना किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी लाइन जेएन अस्थाना, नवचयनित अभ्यर्थियों के साथ जाने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जनपद के सभी चयनित अभ्यर्थी मौजूद रहे।










