
हाथरस 10 मई । जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने और मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के सफल संचालन के दृष्टिगत मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. राजीव राय ने रविवार को विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं, तो कहीं लापरवाही मिलने पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। सीएमओ सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लाडपुर पहुंचे। वहाँ उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में डॉ. रश्मि सेंगर (आयुष चिकित्साधिकारी), फार्मासिस्ट सुनील कुमार और स्टाफ नर्स जितेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात मिले। स्टाफ ने बताया कि प्रतिदिन 45-50 मरीजों का उपचार किया जाता है। ईडीएल (EDL) की 195 दवाओं के सापेक्ष 155 उपलब्ध मिलीं। सीएमओ ने शेष दवाओं को तत्काल स्टॉक में मंगवाने के निर्देश दिए। केंद्र पर मार्च से अब तक 29 और अप्रैल माह में 05 सफल प्रसव (डिलीवरी) कराए गए, जिस पर सीएमओ ने संतोष व्यक्त किया।
इसके बाद डॉ. राजीव राय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चिन्तापुर बदन पहुंचे, जहाँ स्थिति असंतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. कुनाल वार्ष्णेय अनुपस्थित मिले, जो कुछ समय बाद केंद्र पहुंचे। वहीं श्रीमती सुनीता कुमारी ड्यूटी से नदारद मिलीं। केंद्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद खराब मिली, जिसे तत्काल सुधारने की चेतावनी दी गई। ओपीडी पंजिका का रखरखाव भी मानक के अनुरूप नहीं था। सीएमओ ने डॉ. कुनाल वार्ष्णेय के विलंब से आने पर प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक, महौ को उनका स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही केंद्र पर निर्माण संबंधी आवश्यक कार्यों को नियमानुसार जल्द पूरा करने की हिदायत दी। डॉ. राजीव राय ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रीय नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केंद्रों का नियमित अनुश्रवण करें ताकि आम जनता को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।


























